जौनपुर: मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकी कला नहर पुलिया के पास मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक की जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के बिदुना गांव निवासी लकी उर्फ नमन सिंह (लगभग 32 वर्ष) मंगलवार शाम करीब 4 बजे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से जंघई बाजार से अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह चौकी कला नहर पुलिया के पास पहुंचे, तभी मछलीशहर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि लकी उर्फ नमन सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
