एसपी डॉ. यशवीर सिंह का ताबड़तोड़ एक्शन; थाने लाए गए शातिर को बिना पूछताछ भगाना पड़ा भारी, महकमे में खलबली मची
जौनपुर: जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर एसपी डॉ. यशवीर सिंह किसी भी तरह की कोताही के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने चोरी के मामले में न सिर्फ ढिलाई बरती, बल्कि एक सक्रिय अपराधी को थाने की चारदीवारी के अंदर लाने के बाद भी बिना किसी पूछताछ या कानूनी कार्रवाई के सकुशल बाहर का रास्ता दिखा दिया। शिकायत मिलने पर जब मामले की पोल खुली, तो एसपी ने तुरंत प्रभाव से कोतवाली प्रभारी (इंचार्ज) अनीता सिंह और सरायपोख्ता चौकी प्रभारी राहुल रंजन को सस्पेंड कर दिया है। इस बड़ी कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में सन्नाटा पसर गया है।
शिकायत पर एक्शन: पीड़ित पक्ष की ओर से सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया और मामले को ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश की गई।
थाने से शातिर अपराधी को छोड़ना पड़ा भारी: जांच में यह बात सामने आई कि पुलिस टीम ने एक सक्रिय अपराधी को धर दबोचा था और उसे थाने भी ले आई थी। हैरानी की बात यह है कि बिना किसी गहन पूछताछ, लिखापढ़ी या विवेचनात्मक कार्रवाई के उस अपराधी को छोड़ दिया गया।
एएसपी नगर की जांच में मुहर: एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने इस गंभीर मामले की जांच सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) नगर को सौंपी। जांच रिपोर्ट में दोनों अधिकारियों की तरफ से घोर लापरवाही और स्वेच्छाचारिता साफ तौर पर साबित हुई।
