#Pushkar
जौनपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (
भारत सरकार) की अतिरिक्त सचिव एवं मिशन निदेशक सुश्री आराधना पटनायक ने जनपद जौनपुर के स्वास्थ्य केंद्रों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर-रेहटी तथा आयुष्मान
आरोग्य मंदिर कर्दाहा की जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुश्री पटनायक ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, ओपीडी सेवाओं, दवा वितरण काउंटर, प्रसव कक्ष, टीकाकरण कक्ष, लैब और औषधि भंडार का गहन अवलोकन किया दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी चिकित्सक, स्टाफ नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात मिले। उपस्थिति पंजिका भी पूरी तरह दुरुस्त पाई गई।
दवाइयों की उपलब्धता: केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध मिलीं और मरीजों को निःशुल्क दवा वितरण का कार्य सुचारू रूप से चलता पाया गया।
12 स्वास्थ्य सेवाएं सक्रिय: आयुष्मान आरोग्य मंदिर कर्दाहा में हेल्थ एंड वेलनेस से जुड़ी सभी 12 सेवाएं सक्रिय पाई गईं। इसके अलावा टेलीमेडिसिन और एनसीडी (गैर-संचारी रोग) स्क्रीनिंग के काम की विशेष सराहना की गई।
प्रसव कक्ष व नवजात देखभाल: प्रसव कक्ष और नवजात शिशु देखभाल इकाई (NMCU) की व्यवस्थाएं उच्च मानकों के अनुरूप पाई गईं।
व्यवस्थाओं से संतुष्ट होकर मिशन निदेशक ने दोनों केंद्रों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ जिस निष्ठा और समर्पण के साथ काम हो रहा है, वह अन्य केंद्रों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने मरीजों और आशा कार्यकर्ताओं से बातचीत कर सरकारी योजनाओं का फीडबैक भी लिया।
इससे पूर्व, बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचने पर अधीक्षक अरविंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में मिशन निदेशक का स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (जौनपुर) डॉ. गंगाराम गौतम और जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

