#Beer Bahadur Singh/Saroj Singh
जौनपुर। बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़कों के गड्ढामुक्तिकरण को लेकर हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को तीन दिन के भीतर चिन्हित सभी गड्ढों को भरकर सड़कों को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिया कि सड़क मरम्मत के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आमजन को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यकता के अनुसार रात में भी सड़क मरम्मत का कार्य कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने शोरूम के सामने क्षतिग्रस्त सड़क को तत्काल ठीक कराने को कहा। साथ ही सभी अधिशासी अधिकारियों से उनके क्षेत्रों की सड़कों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए गड्ढायुक्त एवं क्षतिग्रस्त मार्गों को तत्काल मोटरेबल बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने नगर क्षेत्रों में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया। अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की स्थिति, मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। यातायात व्यवस्था और प्रमुख मार्गों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सुचारु यातायात के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
