लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी कांवड़ यात्रा, श्रावणी शिवरात्रि, चेहल्लुम, स्वतंत्रता दिवस, बरावफात और रक्षाबंधन जैसे प्रमुख आयोजनों को लेकर शासन स्तर पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, खाद्य सुरक्षा और जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी, जबकि मेरठ मंडलायुक्त और एडीजी जोन मेरठ ने कांवड़ यात्रा प्रबंधन का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। प्रस्तुतीकरण से संतुष्ट मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 'मेरठ मॉडल' की कार्ययोजना प्रदेश के सभी पुलिस जोनों और जिलों के साथ साझा की जाए, ताकि पूरे उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाएं एक समान, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से लागू की जा सकें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा, प्रकाश व्यवस्था और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
