जौनपुर :
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कंधरपुर गांव से एक सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया रेलवे फाटक पर ट्रेन से कटे एक व्यक्ति के क्षत-विक्षत शव को देखकर घर लौटी 70 वर्षीय वृद्धा ने ऐसा आत्मघाती कदम उठाया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। महिला ने घर पहुंचते ही शराब की शीशी में जहरीला कीटनाशक (सलफास) मिलाया और एक ही सांस में पी गई। जानकारी के अनुसार, कंधरपुर निवासी अशोक कुमार सरोज की 70 वर्षीया पत्नी प्रेमा देवी रेलवे फाटक के पास गई थीं, जहाँ उन्होंने ट्रेन दुर्घटना में कटे व्यक्ति का शव देखा। हादसे का भयानक दृश्य देखने के बाद वे बदहवास स्थिति में घर लौटीं। घर आकर उन्होंने बिना सोचे-समझे शराब की भरी शीशी का ढक्कन खोला और उसमें सलफास मिलाकर गटक लिया। जहर का असर होते ही प्रेमा देवी की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और वे तड़पने लगीं। परिजनों ने जब उनकी यह हालत देखी तो आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल जौनपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने स्थिति को बेहद नाजुक देखते हुए तुरंत इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। फिलहाल महिला की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच झूल रही हैं।
