जौनपुर। जनपद के थाना लाइन बाजार अंतर्गत ग्राम मुरादगंज में दबंगों द्वारा निजी भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित वीर बहादुर सिंह ने जिलाधिकारी (DM) जौनपुर को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मुरादगंज निवासी वीर बहादुर सिंह (पुत्र स्व. शिवरतन सिंह) की संक्रमणीय भूखंड संख्या 593/0.1740 हेक्टेयर में आधा (1/2) हिस्सा दर्ज है। यह भूमि सनलाइट पब्लिक स्कूल के दक्षिण तथा माँ तारा हॉस्पिटल के पीछे स्थित है। पीड़ित का आरोप है कि बीते तीन दिनों पूर्व गांव के ही निवासी चन्द्रेश कुमार उर्फ मुन्ना (पुत्र रामरतन सिंह) ने कुछ अन्य लोगों व नगर पालिका परिषद के ठेकेदारों को उकसाकर पूर्व में बने खड़ंजे को तुड़वा दिया। इसके बाद पीड़ित के निजी प्लॉट में लगभग 2 फीट अंदर तक गड्ढा खोदकर अवैध तरीके से आम रास्ते में मिलाने और कब्जा करने की कोशिश की जाने लगी। पीड़ित वीर बहादुर सिंह का कहना है कि जब उन्होंने मौके पर पहुंचकर इस अवैध निर्माण व खुदाई का विरोध किया, तो विपक्षी चन्द्रेश कुमार उर्फ मुन्ना ने उन्हें अंजाम भुगतने और जानमाल की गंभीर धमकी दी। इस घटना के बाद से पीड़ित तथा उनकी बहन काफी डरे और सहमे हुए हैं। पीड़ित ने अंदेशा जताया है कि विपक्षी साजिश के तहत उनकी भूमि पर कब्जा कर सकते हैं तथा उनके साथ कोई अनहोनी या अप्रिय वारदात कारित करवा सकते हैं। पीड़ित ने जिलाधिकारी महोदय से गुहार लगाई है कि प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजा जाए और जारी अवैध खुदाई व निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाया जाए। साथ ही, भू-माफिया किस्म के आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
