बस्ती। रुधौली नगर पंचायत अंतर्गत बालेश्वरी नगर मोहल्ले में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ही मोहल्ले के रहने वाले एक प्रेमी-प्रेमिका ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस दर्दनाक घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। दोपहर दो बजे उठाया खौफनाक कदम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालेश्वरी नगर निवासी 19 वर्षीय राहुल शर्मा (पुत्र गयादीन) और उसी मोहल्ले की निवासी 22 वर्षीय नीरू (पुत्री बाबूराम चौहान) के बीच कथित रूप से काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। बुधवार दोपहर करीब दो बजे दोनों ने किसी अज्ञात कारण से एक साथ यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की गहराई से छानबीन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों से पूछताछ के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा।