जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के पराऊगंज चौकी अंतर्गत चंवरी बाजार के समीप सोनकर बस्ती में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकने से मौत हो गई। घटना से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। सोनकर बस्ती निवासी राजेंद्र सोनकर की 25 वर्षीय पत्नी पूनम सोनकर अपने कमरे में फंदे से लटकी मिलीं। परिजनों का कहना है कि मायके जाने की बात को लेकर पिछले दो दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार केराकत अजीत कुमार, थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह तथा पराऊगंज चौकी प्रभारी संतोष यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
