Search This Blog

'स्कूल चलो अभियान' रैली का भव्य आयोजन, कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे

#JNP 
Beer Bahadur Singh/Saroj Singh  
जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत जनपद स्तरीय 'स्कूल चलो अभियान' रैली का भव्य आयोजन किया गया। टाउन हॉल मैदान से शुरू हुई रैली को प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कोतवाली चौराहा, चहारसू, शाही किला और अटाला क्षेत्र से होते हुए पुनः टाउन हॉल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा और जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने और नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया।  राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम और द्वितीय चरण में जनपद में लगभग 60 हजार नए विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है और 15 जुलाई तक इसमें और वृद्धि की उम्मीद है। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और समाज से बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने निपुण भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य के सबसे बड़े मार्गदर्शक हैं। एक शिक्षक ही बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और प्रशासनिक अधिकारी बनने की प्रेरणा देता है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा डीबीटी के माध्यम से प्रत्येक छात्र-छात्रा को 1,200 रुपये की सहायता यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर एवं अन्य शैक्षिक सामग्री के लिए उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित उपस्थिति और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एआरपी, एसआरजी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।