Beer BahadurSingh/Saroj Singh/Roshan Sahani
वाराणसी। श्रावण मास के प्रथम दिन मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ धाम और काशी कोतवाल बाबा काल भैरव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री सबसे पहले बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने वैदिक रीति से पूजा-अर्चना और आरती कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर गर्भगृह में षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन किया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों ने "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया, जिसका मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास में श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे श्रावण मास में सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन की व्यवस्था प्रभावी एवं निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक दिन पूर्व गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भी बाबा काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए थे। इस अवसर पर विधायक नीलकंठ तिवारी सहित अन्य उपस्थित रहे।
