Beer Bahadur Singh
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्धीकपुर स्थित कांशीराम आवास कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के उर्दू बाजार निवासी अशोक कुमार गौतम अपने एक रिश्तेदार के यहां कांशीराम आवास कॉलोनी आए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्होंने शराब का सेवन किया था और नशे की हालत में तीसरी मंजिल पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल करंजाकला ब्लॉक स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सरायख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
