Search This Blog

'हर घर तिरंगा अभियान-2026' को स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं 2 करोड़ तिरंगे बनाएंगी

#LUCK 
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' को इस बार महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रभक्ति से जोड़ते हुए बड़ा अभियान बनाया गया है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए निर्धारित 2 करोड़ तिरंगों का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं करेंगी।उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल राष्ट्रध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को रोजगार, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण का नया अवसर भी देगा। तिरंगों का निर्माण भारतीय ध्वज संहिता के मानकों के अनुरूप किया जाएगा और समूहों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में निगरानी समितियां गठित करने के निर्देश दिए हैं। तिरंगों की आपूर्ति 12 अगस्त 2026 तक पूरी की जाएगी, जबकि भुगतान 31 अगस्त 2026 तक समूहों के खातों में ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं तथा भारतीय ध्वज संहिता का पालन करें। उन्होंने कहा कि "तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर पर तिरंगा फहराना राष्ट्र के प्रति हमारी एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।"
इस अभियान से एक ओर प्रदेश में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर लाखों ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आय का नया स्रोत भी मिलेगा।