Search This Blog

भैंस बांधने के विवाद में हिंसा, 1 की मौत, 4 घायल, गांव में तैनात किया गया पुलिस बल

#JNP  
4 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
जौनपुर। थाना बक्सा क्षेत्र के 2 पड़ोसी परिवारों के बीच भैंस बांधने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में 1 व्यक्ति  इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि 4 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में 1 व्यक्ति की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही थाना बक्सा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि भैंस बांधने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों में विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गांव में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।