Search This Blog

घर वापस लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या

#JNP 
बदलापुर/जौनपुर। थाना क्षेत्र में एक बार फिर सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया बबुरा गांव में अज्ञात बदमाशों ने युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। 
जानकारी के अनुसार स्वाधीन सिंह उर्फ छोटू (पुत्र विजय कुमार उर्फ विज्जू सिंह) देर शाम किसी निमंत्रण कार्यक्रम से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल छोटू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही  मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान में जुट गई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस हत्याकांड ने एक पुरानी और दर्दनाक घटना की याद भी ताजा कर दी है। करीब 24 वर्ष पूर्व मृतक के पिता विजय कुमार उर्फ विज्जू सिंह की भी बदलापुर स्थित मिठाई की दुकान पर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ऐसे में पुलिस पुराने रंजिश के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।